रिपोर्ट: राहुल पांडेय
मऊ। साहित्य उपवन रचनाकार अपने अनूठे आयोजनों के लिए साहित्य जगत में प्रसिद्ध है। यह मंच प्रमुख अवसरों पर सदैव अनोखे अंदाज में साहित्यिक अनुष्ठान करके प्रशंसनीय कार्य करता है, फिर कार्यक्रम चाहे जमीनी स्तर पर हो या आभासी स्तर पर, दोनों को बड़ी तन्मयता से अंजाम देता है। यही खास अंदाज इसे अन्य मंचों से अलग पहचान देता है। इस बार भी बसंतोत्सव के रूप में 24 घंटे अनवरत लाइव काव्य पाठ का आयोजन साहित्य उपवन रचनाकार की व्यवस्थापिका कार्यकारी अध्यक्षा आ संगीता मिश्रा जी ने किया है। जिसमें देश भर से लगभग 150 रचनाकारों ने सहभागिता दर्ज की है। प्रत्येक रचनाकार ने साहित्य उपवन रचनाकार पटल पर अपनी लाइव प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। सभी रचनाएं बसंत के आगमन पर होने वाले मनोभावों पर आधारित रहीं। सभी रचनाओं शृंगार रस की अनुपम छटा बिखेरी मगर करुण रस भी वियोग के साथ प्रस्फुटित हुआ। मंच की खासियत यहां की प्रबंधन व्यवस्था भी है। सभी पदाधिकारी और साहित्य साधक तल्लीन होकर किसी भी उत्सव को बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं। हर उत्सव के उपरांत प्रतिभाग करने वाले हर रचनाकार को साहित्य उपवन रचनाकार मंच के अध्यक्ष रोहित रोज द्वारा खूबसूरत सम्मान पत्र देकर विभूषित किया जाता है। साहित्य समृद्धि के लिए समर्पित साहित्य उपवन रचनाकार मंच अद्वितीय है।