दूल्हे के पिता को पुलिस ने हिरासत में लिया
मुरली मनोहर पांडेय
बरेली। पति की दूसरी शादी रुकवाने के लिए एक महिला जयमाला के वक्त पुलिस लेकर पहुंची तो बराती और घराती दंग रह गए। शादी समारोह में हंगामा हो गया। इस बीच मौका देखकर दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर वहां से खिसक गया। दूल्हे के पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। देर रात तक पंचायत होती रही।
जानकारी के मुताबिक देहरादून के थाना कैंट क्षेत्र में गढ़ी की निवासी महिला ने बरेली आकर एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि उसकी शादी 2018 में 19 अप्रैल को शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव लहसोई निवासी युवक के साथ हुई थी। अतिरिक्त दहेज के लिए ससुरालवाले उसे प्रताड़ित करने लगे। उसे पीटकर घर से निकाल दिया। इस पर पीड़िता ने नौ मई 2025 को देहरादून में पति व ससुरालवालों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया, जो न्यायालय में विचाराधीन है। उसके पति ने तलाक के लिए मुकदमा डाला, लेकिन कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया।
महिला ने बताया कि उसके पति ने थाना बहेड़ी क्षेत्र की एक युवती के साथ शादी तय कर ली है। दोनों की शादी नौ मई को बहेड़ी के एक होटल में होनी थी। इसके बाद एसएसपी ने शीशगढ़ थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस आने की भनक लगी तो महिला के पति ने बहेड़ी की बजाय उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक बरातघर बुक कर लिया। लेकिन महिला ने उक्त बरातघर का पता लगा लिया।
शुक्रवार रात बरातघर में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान महिला शीशगढ़ थाना पुलिस के साथ वहां पहुंच गई। उसे देखकर दूल्हा बने पति के होश उड़ गए। बराती और घराती भी हैरान रह गए। महिला ने बताया कि आरोपी पति का बड़ा भाई भी अपनी पहली पत्नी को छोड़कर दो साल पहले दूसरी शादी कर चुका है। खबर लिखे जाने तक महिला अपने परिजनों के साथ वहीं मौजूद थी।