परिजनों को नामंजूर था रिश्ता; उठाया खाैफनाक कदम
मुरली मनोहर पांडेय
सोनभद्र। सोनभद्र के रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के बैजनाथ जंगल में गुरुवार को युवक-युवती का शव एक साथ पेड़ से लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। एसपी और सीओ ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। देर शाम तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है।
बैजनाथ गांव से सटे जंगल में गुरुवार की दोपहर बाद पशु लेकर गए चरवाहों की नजर बरगद के पेड़ से लटकते शव पर पड़ी। फंदे के सहारे युवक-युवती का शव लटक रहा था। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
लड़के की पहचान दशरथ पुत्र देव नारायण गोंड (17) निवासी मुरैला और लड़की की पहचान चिंता पुत्री रामचंद्र गोंड़ (15) निवासी मुरैला की बताई गई है। दोनों का थाना क्षेत्र रामपुर बरकोनिया है।दोनों आपस में प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। सूचना मिलते ही माैके पर पुलिस पहुंच गई।
रामपुर बरकोनिया एसओ कमल नयन दुबे भी फोर्स के साथ माैके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतरवाकर छानबीन शुरू की। कुछ देर बाद एसपी अशोक कुमार मीणा, सीओ सदर रणधीर मिश्र भी घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मौके की स्थिति देखने से प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। फिर भी सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।