रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवां-चंदुकी मार्ग पर अधेड़ का शव मिलने पर सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल के बाद साक्ष्य जुटाया। मिली जानकारी के अनुसार बरवां-चंदुकी मार्ग पर रविवार की सुबह क्षेत्र के कुछ युवक दौड़ लगा रहे थे। इस दौरान बलिया-गड़वार मुख्य मार्ग से 50 मीटर दूर चंदुकी नहर के पास अधेड़ का शव देखकर शोर मचाने लगे। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचकर शव का शिनाख्त कराने में जुट गए। शव की शिनाख्त सुखपुरा थाना क्षेत्र के गायत्री नगर, करनई निवासी सुबास राजभर के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दिया। परिजनों ने बताया कि सुबास प्रतिदिन की तरह मजदूरी करने के लिए घर से निकला था। रात में वापस घर नहीं लौटने पर जान जान-पहचान, नाते-रिश्तेदारों के यहां पता किया गया। लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। थाना प्रभारी योगेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि बरवां-चंदुकी मार्ग पर अधेड़ का शव मिला है। जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।