मुंबई में शूटिंग के लिए जाते वक्त अमन की सड़क दुर्घटना में हो गई थी मौत
रिपोर्ट-प्रिंस प्रजापति
बलिया। टीवी शो 'धरतीपुत्र नंदिनी' के फेम एक्टर अमन जायसवाल का अंतिम संस्कार रविवार को तुतीर्पार स्थित घाघरा नदी के तट पर हुई, जहां बिलखते पिता ने कांपते हाथों से अपने जिगर के टुकड़े को मुखाग्नि दी। इस दौरान वहां उपस्थित हजारों लोगों का दिल सिसकता रहा। सभी की जुबां से एक ही आवाज तैर रही थी, विधाता तूने क्या किया? उभरते सितारे की मौत का मातम घर-परिवार और नाते-रिश्तेदार को कौन कहे, हर शख्स के चेहरे पर साफ झलक रहा था। बता दें कि बलिया जनपद के बिल्थरारोड निवासी आशीष जायसवाल के पुत्र अमन जायसवाल फिल्मी दुनिया का उभरता सितारा थे। महज तीन साल पहले मुंबई में अपने एक्टिंग करियर की शुरूआत करने वाले अमन न सिर्फ 'उडारिया' और 'पुण्यश्लोक अहिल्याबाई' जैसे टीवी शोज का हिस्सा रहे, बल्कि लोकप्रिय टीवी सीरियल 'धरती पुत्र नंदिनी' के लीड एक्टर थे। शुक्रवार को मुंबई में शूटिंग के लिए जाते वक्त अमन की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई थी। इस घटना की सूचना मिलते ही घर-परिवार में जहां कोहराम मच गया, वहीं चहुंओर शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद 'धरती पुत्र नंदिनी' फेम एक्टर अमन का शव मुम्बई से प्लेन द्वारा बाबतपुर पहुंचा, जहां से शनिवार की देर शाम बेल्थरारोड स्थित आवास पर लाया गया। रविवार की सुबह 9 बजे अमन की अंतिम यात्रा आवास से निकली, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान बिल्थरारोड नगर में हर कोई मर्माहत दिखा। लोग अपने सितारे की आखिरी झलक पाने के लिए छतों और दीवारों पर चढ़ गए। सबसे भावुक पल तब आया, जब अमन के पिता आशीष जायसवाल ने बेटे को मुखाग्नि दी। बिलखते पिता अपने लाडले को चिता से उठाना चाह रहे थे। कह रहे थे 'उठो बेटा, सुबह हो गई है, जो तुम कहोगे, मैं वही करूंगा। तुम्हें वैष्णो देवी भी लेकर जाऊंगा।' यह सुनकर वहां मौजूद हजारों लोगों का कलेजा मुंह को आ गया।