रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के उभांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बहुता चक उपाध्याय गांव के जीउत राम (55) की रविवार शाम हत्या कर दी गई। वह नारला गांव में अपने साढू महेंद्र के घर एक निमंत्रण में शामिल होने गए थे।
जीउत राम रविवार रात 7:30 बजे नारला गांव पहुंचे थे। कुछ ही देर बाद अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों को घटना का पता भी नहीं चला। सूचना मिलते ही उभांव थाने के एसएचओ राजेंद्र प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित कर शादी समारोह को शांतिपूर्वक संपन्न कराया।
परिजन रात में जीउत राम का शव उनके गांव ले आए। सोमवार सुबह एसएचओ ने मृतक के घर पहुंचकर शव की जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया गया। मृतक की पत्नी फूलमती ने न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि उनके पति का शव साढू के घर के सामने पड़ा मिला। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।