17 लाख से अधिक कीमत के सामान बरामद, स्क्रैप डिपो में की जाती थी बिक्री
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश आजमगढ़ में रेलवे सुरक्षा बल ने रेलवे की संपत्तियों को चोरी करके उन्हें बेच देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में रेलवे को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग रेलवे की संपत्तियों को चुराकर उनकी बिक्री कर रहे हैं।
इस सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने रेलवे यार्ड के आसपास रेलवे ट्रैक के किनारे की जो संपत्तियां हैं। उन पर नजर रखना शुरू किया जिसके बाद इस मामले की जानकारी हुई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद निरीक्षक अभय कुमार राय सब इंस्पेक्टर संजय कुमार शुक्ला के साथ रेलवे स्टेशन और यार्ड के कर्मचारियों के साथ रेलवे संपत्ति को चुरा कर बेचने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र के चंदेश्वर स्थित बजरंग स्क्रैप डिपो में कार्यरत कर्मचारी भी शामिल हैं। आरोपी चोरी के समान स्क्रैप डिपो में ले जाकर बिक्री कर दिया करते थे।
इस बारे में रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में चंदन यादव आदित्य यादव और मनजीत जायसवाल हैं।
तीनों आरोपियों के कब्जे से चार एक्सटेंशन पीस, 2 पंजा, 15 ईआरसी, बीसीएम मशीन इसके साथ ही ₹20000 नगद और एक बाइक भी बरामद की गई है।
रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों का कहना है कि मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना में जो भी लोग शामिल होंगे उनको गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।