रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के खड़सरा गांव में सोमवार को प्रशासन ने अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की। अनुसूचित बस्ती स्थित तालाब के भीटे पर बने तीन अवैध निर्माण को बुल्डोजर से ध्वस्त किया गया।
तहसीलदार न्यायालय में इस मामले का वाद चल रहा था। न्यायालय ने बेदखली का आदेश दिया था। इसके बाद तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह ने बताया कि चार लोगों ने तालाब के भीटे पर अवैध कब्जा कर रखा था। तीन लोगों के खिलाफ बेदखली का आदेश मिला था। नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार निखिल शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह समेत नगरा और भीमपुरा थाने की पुलिस मौजूद रही। कार्रवाई से प्रभावित लोगों में आक्रोश देखा गया।
