रिपोर्ट : रंजना तिवारी
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बकरीद के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के उधोपुर गांव में 60 वर्षीय ईश मोहम्मद ने चाकू से अपना गला रेतकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, ईश मोहम्मद एक धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। घटना से एक दिन पहले, शुक्रवार को वे अंबेडकरनगर स्थित सूफी संत हजरत सैयद मखदूम अशरफ की दरगाह से लौटे थे। शनिवार सुबह उन्होंने बकरीद की नमाज मस्जिद में अदा की। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे वे घर के पास बनी झोपड़ी में चले गए। लगभग एक घंटे बाद उनकी कराहने की आवाज सुनकर पत्नी हाजरा खातून वहां पहुंचीं। उन्होंने देखा कि ईश मोहम्मद का गला कटा हुआ था और झोपड़ी में खून बिखरा पड़ा था। पास में ही एक चाकू भी मिला।
हाजरा की चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत ईश को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस को मौके से एक पत्र मिला, जिसमें ईश मोहम्मद ने लिखा, "इंसान बकरे को अपने बेटे की तरह पाल-पोसकर कुर्बानी करता है। वो भी जीव है। कुर्बानी करनी चाहिए, मैं खुद अपनी कुर्बानी अल्लाह के रसूल के नाम से कर रहा हूं। किसी ने मेरा कत्ल नहीं किया है। सुकून से मिट्टी देना। किसी से डरना नहीं है। जिस जगह खूंटा है, उसी जगह पर कब्र होना चाहिए।" इस पत्र से प्रतीत होता है कि उन्होंने यह कदम अपनी मर्जी से उठाया।
ईश मोहम्मद के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा अहमद अंसारी और दूसरा बेटा बंटा मोहम्मद फैज उनके साथ गांव में रहते हैं, जबकि छोटा बेटा ताज मुंबई में ताज होटल में काम करता है। परिवार तीन कमरों के पक्के मकान में रहता है, और बगल में बनी झोपड़ी में बकरियां रखी जाती हैं। घटना के समय दोनों बेटे गांव में बकरीद मनाने गए थे।
ईश मोहम्मद एक दिन पहले अंबेडकरनगर के किछौछा में स्थित हजरत सैयद मखदूम अशरफ की दरगाह से लौटे थे। यह दरगाह कौमी एकता के लिए विश्व प्रसिद्ध है। यहां रमजान के दौरान नौचंदी मेला लगता है, जिसमें देशभर से हजारों लोग आते हैं।
गौरी बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पत्र और परिजनों के बयान के आधार पर यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
