रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ के हलधरपुर थाना क्षेत्र के परमानंद पट्टी (थलईपुर) गांव में गुरुवार रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सीढ़ी के रास्ते अवनीश राय के घर में प्रवेश कर लगभग 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने चुरा लिए। घटना के समय अवनीश राय के छोटे भाई रजनीश राय अपनी बूढ़ी मां, पत्नी और बच्चों के साथ खाना खाकर सो रहे थे। अवनीश के बड़े भाई रजनीश राय बलिया जनपद के बिल्थरा रोड में टाटा मोटर्स में कार्यरत हैं और कुछ दिन पहले ही वहां गए थे।
चोरों ने चतुराई से बक्से और आलमारी के लॉक तोड़कर उनमें रखे सोने के नौ झुमके, पांच अंगूठियां, एक गले की चेन, एक मंगलसूत्र, दो कंगन, एक लॉकेट और नथिया सहित कीमती गहने चुरा लिए।
सुबह जब घटना का पता चला, तो थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की गहनता से जांच की। फॉरेंसिक और एसओजी टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) एवं 331 (4) के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव के बीचोंबीच हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में डर और आशंका का माहौल है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश करेंगे।
