रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ को एक अकेला नाबालिग बच्चा मिला। प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ ए के सिंह, उप निरीक्षक विकास कुमार यादव और महिला हेड कांस्टेबल अनिता गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर स्टेशन मास्टर कार्यालय के सामने पहुंचे।
शाम 4:35 बजे यात्रियों के बीच एक अकेला बच्चा दिखा। आरपीएफ कर्मियों ने उससे स्नेहपूर्वक पूछताछ की। बच्चा धीमी आवाज में कुछ कहने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुछ समझ नहीं आ रहा था। करीब 10 साल का यह बच्चा न तो अपना नाम बता पाया और न ही परिवार या रिश्तेदारों का कोई मोबाइल नंबर।
आरपीएफ ने तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन मऊ को सूचना दी। ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर आशुतोष जायसवाल की मौजूदगी में बच्चे को चाइल्ड हेल्पलाइन के काउंसलर रितेश चौरसिया, ऑफिस सुपरवाइजर चंद्रकांत तिवारी और रेलवे सुपरवाइजर राधवेश द्विवेदी को सौंप दिया गया। बच्चा स्वस्थ अवस्था में था। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम अब आगे की कार्रवाई करेगी।
