रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
आजमगढ़। दहेज प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता की मंगाई नदी में मिली लाश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जहानागंज थाना और मेंहनगर थाना क्षेत्र के बॉर्डर पर फूलों से 500 मीटर की दूरी पर मंगाई नदी में महिला का शव 19 घंटे की तलाश के बाद बरामद किया गया।
प्रीति देवी (18) का प्रेम विवाह 21 नवंबर 2024 को जहानागंज थाना क्षेत्र के नेतपुर सोनैचा गांव के सूरज राम से हुआ था। विवाह मेंहनगर थाना क्षेत्र के पौहारी बाबा मंदिर में संपन्न हुआ था। 16 अप्रैल 2025 को प्रीति ने जहानागंज थाने में दहेज मांगने और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर भेज दिया था।
मृतका की मां रेनू देवी के अनुसार, उनका दामाद किसी अन्य लड़की से फोन पर बात करता था और उससे विवाह की बात कर रहा था। ससुराल वाले प्रीति को मारते-पीटते थे और दहेज की मांग करते थे। इसका ऑडियो सबूत भी उनके पास है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने चिरैयाकोट-खरिहानी मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।
पुलिस प्रशासन के प्रयास से जाम समाप्त हुआ। मृतका के परिजनों की शिकायत पर एसडीएम मेंहनगर प्रशांत कुमार के आदेश पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे मृतका की मौसी ने जहानागंज थाना क्षेत्र और मेंहनगर बॉर्डर पर पुल से 500 मीटर दूर शव को देखा। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है।



