रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
देवरिया खास स्थित हनुमान मंदिर में मंगलवार की शाम को प्रशासन और राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम के समर्थकों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया। प्रशासनिक टीम ने मंदिर परिसर में भूमि की नाप करवाई। इसके बाद अवैध रूप से बन रहे गेट को सील कर दिया।कार्रवाई से नाराज मंत्री समर्थकों ने अधिकारियों और पुलिस बल का घेराव कर दिया। समर्थकों ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की। अधिकारियों के वाहनों को भी घेर लिया। एसडीएम का वाहन समर्थकों ने घेर लिया। पुलिस बल को काफी मशक्कत के बाद एसडीएम को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा। मंदिर की भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। महंत राजेश नारायण दास का आरोप है कि मंदिर की जमीन पर कब्जे की साजिश है। उनका कहना है कि राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम और उनके पटीदार प्रदीप कुमार गौतम मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। मंत्री समर्थकों का कहना है कि प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है। उनका आरोप है कि धार्मिक स्थल पर हस्तक्षेप से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। स्थानीय स्तर पर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।




