मुरली मनोहर पांडेय
मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मऊ सदर चौक पर आयोजित एक कार्यक्रम में उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब विधानसभा चुनाव लड़ चुके मुनव्वर मुर्गा को मंच से नीचे उतार दिया गया। घटना उस समय हुई जब मुनव्वर मुर्गा मंच पर सभा को संबोधित करने के लिए खड़े हुए। मऊ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अरशद जमाल ने मुनव्वर से माइक छीन लिया और उन्हें सभा को संबोधित करने से रोक दिया। अरशद जमाल ने मुनव्वर पर पिछले साल के एक कार्यक्रम में अनुचित और विवादित बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "पिछले साल जब आपको संबोधन के लिए बुलाया गया था, तब आपने मंच से अनाप-शनाप बोला था। आपको तो मंच पर आना ही नहीं चाहिए।"
इसके बावजूद मुनव्वर मुर्गा मंच पर डटे रहे और सभा को संबोधित करने की कोशिश करते रहे। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने मुनव्वर को मंच से नीचे उतार दिया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। मुनव्वर ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में आरोप लगाया कि अरशद जमाल ने उनके साथ गुंडागर्दी की और माइक छीनकर उन्हें अपमानित किया। उन्होंने कहा, "यह पूरी तरह से गुंडागर्दी है। हम इसका जवाब जरूर देंगे।"



