मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। जिले में बीते 24 घंटे से भी कम समय में घने कोहरे के कारण चार युवकों की मौत हो गई। इनमें से दो हादसे बुधवार की शाम और रात में हुए, जबकि दो अन्य मंगलवार की देर रात से बुधवार की सुबह के बीच कोपागंज थाना क्षेत्र में दर्ज किए गए। बुधवार की देर शाम सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बढुआ गोदाम के पास फोरलेन सड़क पर खड़े डंपर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक गुलशन यादव (23) पुत्र सीता राम, निवासी मटेंहू गांव (मरदह थाना, गाजीपुर) की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही सवार जितेन्द्र राजभर (32) पुत्र नंदलाल राजभर, भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सूचना पर जितेन्द्र को जिला अस्पताल ले जाया, जहां से उनकी हालत बिगड़ने पर वाराणसी के निजी अस्पताल में रेफर किया गया। बृहस्पतिवार की सुबह वहां उनकी मौत हो गई। दोनों मृतक गाजीपुर के रहने वाले थे और मऊ से घर लौट रहे थे। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि कोहरे की वजह से यह दुर्घटना हुई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। गुलशन यादव की एक साल पहले शादी हुई थी और दस दिन पहले ही उसकी एक बेटी का जन्म हुआ था। बृहस्पतिवार को बेटी की सतईसा पूजा होने वाली थी। घर में खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक यह हादसा हो गया। गुलशन दो भाइयों में छोटा था और माता-पिता से अलग रहकर मजदूरी करता था। जितेन्द्र राजभर भी परिवार से अलग रहता था और वह भी मजदूर था। दोनों की मौत से गांव में शोक की लहर है। उनकी पत्नियों और बच्चों के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इसी तरह मंगलवार की देर रात 12 बजे से बुधवार की सुबह 5 बजे के बीच कोपागंज थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर कोहरे के चलते हुए हादसों में एक ट्रैक्टर चालक और एक बाइक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
