निर्धारित कार्य योजना के अनुसार ही कार्य करें संबंधित विभाग:- जिलाधिकारी
मुरली मनोहर पाण्डेय
मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में कल देर शाम संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अभियान से जुड़े समस्त विभागों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने निर्धारित कार्य योजना के अनुसार ही सभी विभागों को एक साथ कार्य करने को कहा, जिससे अभियान की सफलता सुनिश्चित हो सके। पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान विकासखंड घोसी के कई इंडिकेटर में सबसे कम कार्य होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एडीओ पंचायत को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने समस्त अधिशासी अधिकारी एवं एडीओ पंचायत को नियमित रूप से फॉगिंग एवं एंटी लारवा के छिड़काव पर भी विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने को कहा। कृषि विभाग द्वारा किए जाने वाले कार्यों में लोगों को बैठकों के दौरान जागरूक करने में विकासखंड दोहरीघाट एवं मोहम्दाबाद गोहना का सबसे खराब प्रदर्शन होने पर उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को विशेष सक्रियता दिखाने के निर्देश दिए। बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा हाउसहोल्ड अभियान के दौरान घोसी में सबसे कम कार्य होने पर उन्होंने संबंधित सीडीपीओ को माइक्रो प्लान के हिसाब से कार्य करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों में आशा विजिट घोसी में अभी तक 56 प्रतिशत पाए जाने पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य अधीक्षक को आशा विजिट बढ़ाने के निर्देश दिए साथ ही लापरवाह आशाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।पशुपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान विकासखंड बड़राव में सबसे कम गांव मॉनिटर किए जाने पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी को शेड्यूल के हिसाब से कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान से जुड़े समस्त विभागों को पूरे अभियान के दौरान गंभीरता से कार्य करने को कहा, साथ ही अभियान की सफलता सुनिश्चित करने हेतु निर्धारित कार्य योजना के अनुसार निर्धारित तिथियो एवं समय में समस्त विभागों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी जिलाधिकारी द्वारा दी गई।बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर,स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा जूम मीटिंग के माध्यम से समस्त स्वास्थ्य अधीक्षक, एडीओ पंचायत जुड़े रहे।
