पीड़ित ने थाने में दी तहरीर
मुरली मनोहर पांडेय
मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के राजनपुर (पहसा) गांव में बीती रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। स्थानीय निवासी दिनेश सिंह, पुत्र स्व. राममूरत सिंह ने थाना प्रभारी को दी गई लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि 13 सितंबर 2025 की रात करीब 9:20 बजे छह सशस्त्र बदमाशों ने उनके घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, जिससे दिनेश सिंह और उनका परिवार दहशत में आ गया।
शिकायत के अनुसार, हमलावरों में आदित्य यादव उर्फ गोलू, शिवा यादव, धर्मराज उर्फ गोपी, अनुज यादव, अंकित यादव और राजन यादव शामिल थे, जो सभी हलधरपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। ये लोग असलहों से लैस होकर आए और दिनेश सिंह व उनके बेटे को जान से मारने की धमकी देते हुए अंधाधुंध फायरिंग की। शिवा यादव और धर्मराज ने दिनेश पर गोली चलाई, जो सौभाग्यवश मिस हो गई। परिवार ने घर के अंदर भागकर दरवाजा बंद कर लिया, जिसे बदमाशों ने लात मारकर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इसके बाद बदमाश गाली-गलौज और धमकी देते हुए हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पूरी घटना दिनेश सिंह के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
दिनेश सिंह ने यह भी बताया कि उसी दिन शाम 6 बजे उनके बड़े बेटे को एक धमकी भरा फोन कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को शिवशंकर यादव, जो वर्तमान में वेस्ट बंगाल की जेल में बंद है, बताया और बेटे को जान से मारने की धमकी दी। शुरुआत में परिवार ने इसे मजाक समझा, लेकिन रात की घटना के बाद यह स्पष्ट हो गया कि यह एक सुनियोजित साजिश थी।
दिनेश सिंह ने शिकायत में कहा कि ये सभी आरोपी शातिर अपराधी हैं और उनके परिवार को लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
