रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ में शनिवार की देर शाम घोसी क्षेत्र अंतर्गत मधुबन मोड़ पर दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गयी। एक्सीडेंट के बाद दोनों बाइकसवार आपस में भीड़ गए और बीच सड़क पर ही नोंक झोंक शुरू हो गयी। इसी बीच एक बाइक सवार शोएब और उसके साथी ने किसी धारदार हथियार से दूसरे बाइक पर सवार सुक्खू पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र पर ले जाकर भर्ती कराया, यहां सुक्खू कि हालात गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसी बीच चाकूबाजी में घायल सुक्खू के परिजन अन्य ग्रामीणों के साथ अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने घायल की हालत को देखकर अपना आपा खो दिया। सैकड़ों की संख्या में स्वास्थ्य केन्द्र के बाहर पहुंचे ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केन्द्र पर जमकर पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव के दौरान जैसे ही पुलिस के लोग वहाँ पहुंचे तो आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव शुरू कर दिया। इसमें सीओ दिनेश दत्त मिश्र और थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह घायल हो गए। जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए भीड़ को वहाँ से हटा दिया।जैसे ही पुलिस के लोग आक्रोशित भीड़ पर हावी होने का प्रयास करने लगे वैसे ही आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लगभग 3 घंटे बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर लोग शांत हुए और सड़क को छोड़कर पीछे हट गए। अधिकारियों के द्वारा आक्रोशित ग्रामीणों को यह आश्वासन दिया गया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी और घायल को बेहतर उपचार मुहैया कराया जाएगा। इस घटना के बाद देर रात तक डीएम प्रवीण मिश्रा और एसपी इलामारन जी. के साथ कमिश्नर मनीष चौहान और डीआइजी बैभव कृष्ण भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अन्य अधिकारियों के साथ देर रात तक हालातों का जायजा लिया और थाने में बैठकर कार्यवाही की रणनीति तैयार किया। इसी बीच पुलिस ने चाकूबाजी की घटना में मुख्य आरोपी सोएब व उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल सुक्खू की माँ शारदा देवी की तहरीर पर घोसी पुलिस ने शोएब समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 3 (5), 118 (1) और 109 के तहत मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इधर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार बैठकें चल रही है। पूरी घटना के बाद अब पुलिस अलर्ट और एक्शन मोड में दिखाई दे रही है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में आगे किस प्रकार से कार्रवाई करती है।