समस्त सरकारी कार्यालय एवं थानों में दिलाई गई मतदाता शपथ
जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने मतदाता सूची तैयार करने पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
रिपोर्ट : राहुल पांडेय
मऊ। आज 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद के कम्यूनिटी हाल में राष्ट्रीय मतदाता दिवस से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अलावा विकास भवन, समस्त तहसीलों, थानों एवं सरकारी कार्यालयों, स्कूलों में भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता शपथ दिलाई गई। जनपद मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम का जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मतदाता जागरूकता से संबंधित गीतों को अंजली सिंह, सीमा चौहान एवं शीतल राजभर ने प्रस्तुत किया तथा डीसीएसके पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को मतदान हेतु जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र ने उपस्थित समस्त लोगों को मतदाता शपथ भी दिलाई। उन्होंने प्रथम बार मतदाता बने मतदाताओं को वोटर कार्ड भी वितरित किए। इस अवसर पर बेहतर कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारी एवं सुपरवाइजर को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा रंगोली प्रतियोगिता में महक अग्रवाल तथा पोस्टर प्रतियोगिता में रागी प्रवीन को भी प्रशस्ति पत्र देकर जिलाधिकारी ने सम्मानित किया। प्रथम बार मतदाता बने दिव्यांग वोटरों को भी जिलाधिकारी ने वोटर कार्ड वितरित किए तथा उपस्थित दिव्यांग मतदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने के अलावा जनपद के दिव्यांग अभिषेक मिश्रा को भी प्रशस्ति पत्र देकर दिव्यांगों को मतदान हेतु जागरूक करने का प्रयास करने को कहा। कार्यक्रम के दौरान सतरंगी फाउंडेशन की गुंजा सिंह को भी सम्मानित कर ट्रांसजेंडर समूह के लोगों को भी मतदान में भागीदारी हेतु प्रयास करने को कहा। कार्यक्रम के दौरान सोनी धापा की छात्राओं सामा चकवा, शिवांगी कुमारी, निशु मद्धेशिया, तान्या मद्धेशिया, नैंसी कनौजिया, अंशिका मौर्या, ज्योति वर्मा, हर्षिता श्रीवास्तव, सौम्या रावत आदि छात्राओं ने भी मतदान से संबंधित मनमोहक प्रस्तुतियां दी। जिलाधिकारी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मतदान हेतु जागरूक करने वाले समस्त छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी श्री सत्यप्रिय सिंह, उप जिलाधिकारी सदर अशोक कुमार, तहसीलदार उमेश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद दिनेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा अन्य लोगों उपस्थित रहे।
