गाड़ी जलकर हुई खाक, कोई हताहत नहीं; आग लगने के कारणों की जांच जारी
रिपोर्ट-प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ जिले के मधुबन में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक घटना में कटघराशंकर मोड़ के पास चीनीहवा पोखरे में खड़ी एक बोलेरो गाड़ी में अचानक आग लग गई। गाड़ी के मालिक सुरेन्द्र चौहान कटघराशंकर ग्राम सभा के मठिया के निवासी हैं। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि देखते ही देखते गाड़ी पूरी तरह से जलकर राख में तब्दील हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया। अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक बोलेरो पूरी तरह से जल चुकी थी। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, लेकिन वाहन मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारी आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
