देशवासियों के आपसी समन्वय, समता, समानता एवं एकता से ही मिलता है राष्ट्र को बल-अरशद जमाल
रिपोर्ट : राहुल पांडेय
मऊनाथ भंजन। गणतंत्र दिवस पर मऊ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अरशद जमाल ने प्रातः 8ः30 बजे पालिका परिसर में ध्वजारोहण करने के बाद सदर चौक पर भी ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरान्त राष्ट्रगान हुआ। अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने हट्ठीमदारी स्थित शहीद स्मारक पर दीप प्रजब्लित किया इसके उपरान्त उन्होंने पालिका पुस्तकालय पर ध्वजारोहण किया। गणतंत्र दिवस की 76वीं वर्षगांठ के अवसर पर पालिका परांगड़ में राष्ट्रगान के बाद अधिशासी अधिकारी एवं पालिकाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से नगरवासियों को हृदय तल से बधाई दी। इस अवसर पर झांकी के साथ पालिका परिसर में आने वाले पूर्व माध्यमिक विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को प्रोत्साहित किया गया तथा उन्हें देश के इतिहास से अवगत कराया गया।
इस मौके पर अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने उपस्थित लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जब हमारा देश आजाद हुआ था तब हम तमाम किस्म की कठिनाइयों से जूझ रहे थे पर अब निरन्तर विकास करते हुये विश्व की एक बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं।
इसके बाद उपस्थित सभी छात्र एवं छात्राओं के साथ सभासदगण, पालिका अधिकारी एवं कर्मचारी सदर चौक की ओर कूच कर गये। फिर इस ऐतिहासिक मौके पर सदर चौक पर परम्परागत रूप से होने वाली सर्व दलीय जन सभा का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति रही।
सदर चौक पर होने वाली परम्परागत जन सभा को सम्बोधित करते हुये बी0जे0पी0 के वरिष्ठ नेता भरत लाल राही ने कहा कि हमें सभी नागरिकों की समान उन्नति सुनिश्चित करने के लिये मिलकर काम करना है।
इस अवसर पर पर्वू विधायक कामरेड इम्तेयाज अहमद ने कहा कि पहली बार यह सवाल तेजी के साथ उठ कर ऊपर आया है कि हमें संविधान की रक्षा करनी चाहिये। उन्होंने संविधान के सम्बन्ध में बताते हुये कहा कि संविधान बड़ी मोशक्कत से बना है इसके लिये सभी वर्ग, पंथ एवं धर्माें के मानने वालों के हितों को मद्देनजर रख कर प्रत्येक बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा हुयी तब जाकर इसकी ड्राफ्टिंग सम्भव हो पायी थी। उन्होंने देश के कानून का पालन करने पर जोर देते हुये इसे नागरिकों का परम कर्तब्य बताया। उन्होंने कहा कि जब हम देश के कानून का पालन करेंगे तभी हमारा गणतंत्र और मजबूत होगा।
इस अवसर पर सभा की अध्यक्षता कर रहे पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने अपने सम्बोधन में सभी देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने लोगों को देश हित में अपने कर्तब्यों एवं अधिकारों के प्रति जागरुक रहने की प्रेरणा दी। श्री जमाल ने अपने वक्तब्य में कहा कि समता, समानता एवं एकता हमारे देश की उन्नति के मुख्य आधार हैं क्यों कि अनेकता में एकता ही हमारे गणतंत्र का मूल है। नागरिकों के हितों को मद्देनजर रखते हुये उन्होंने कहा कि मेरे जीवन का यही ध्येय है कि मैं अपने द्वारा अवाम की सेवा करते करते इस दुनिया से जाऊँ।
श्री जमाल ने अपने सम्बोधन में मिजली, स्वकर प्रणाली, बुनकरों की समस्या, नगर के विकास, कुरैशी भाइयों की तकलीफ एवं गोशत से सम्बन्धित मामलों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि नगर की समस्याओं के समाधान को लेकर नगरवासी प्रदर्शन करते हैं तो वे मुझे भी अपने साथ पायेंगे।
उन्होंने लोगों से कहा कि विकास का कार्य उचित ताल मेल के बिना सम्भव नहीं। इस लिये पहले लक्ष्य का निर्धारण जरूरी है और फिर उसे क्रिया रूप देने के लिये उचित कदम आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आज नगर विकास मंत्री मा0 ए0के शर्मा के विशेष सहयोग से नगर विकास के स्वर्णिम दौर से गुजर रहा है।
इनके इलावा सभासद अब्दुस्सलाम शामियाना, कामरेड विरेन्द्र, जगदेव राय, इकबाल अहमद बुनकर वाहिनी, फखरे आलम, खालिद अंसारी, सरवर अली मंसूरी, खुर्शीद अहमद आदि वक्ताओं ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर समस्त सम्मानित सभासदगण, सभी पार्टियों के नेतागण, पालिका अधिकारी एवं कर्मचारीगण, पूर्व माध्यमिक विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय के छात्र एवं छात्रायें तथा अध्यापकों के इलावा भारी संख्या में नगर के बुद्धिजीवी एवं नगरवासी मौजूद रहे। सदर चौक पर आयोजित जनसभा का संचालन इं0 वीरेन्द्र ने किया तथा अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने की।