बच्चों को घर छोड़कर आते समय हादसा, सूचना पर नहीं पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम
रिपोर्ट-प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के मधुबन में शुक्रवार की शाम एक स्कूली वैन में आग लग गई। देखते ही देखते पूरी वैन जलकर राख हो गई। वैन के चालक एवं परिचालक ने किसी प्रकार वैन से कूद कर अपनी जान बचाई। वैन स्कूली बच्चों को उनके घर छोड़ कर वापस जा रही थी। उस समय वैन में केवल चालक और खलासी थे।
मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत सद्दोपुर जुरेन्दा गाँव के पास असना-दरगाह मार्ग पर यह हादसा हुआ। बासू नगर दरगाह स्थित साधु पब्लिक स्कूल की वैन बच्चों को उनके घर छोड़कर वापस लौट रही थी। शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक उसमें आग लग गयी। स्थानीय लोगों ने किसी प्रकार प्रयास कर आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों के अनुसार सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंची। घटना के संबंध में साधु पब्लिक स्कूल के बड़े बाबू सुरेंद्र राम ने बताया कि किसी स्कूली बच्चे को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। वैन में सवार सभी बच्चों को उनके घर पहुंचा दिया गया था। वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। स्कूल वैन के चालक एवं परिचालक दोनों सुरक्षित हैं।
