इस कारण पल भर में खत्म हो गई दो परिवारों की खुशियां
मुरली मनोहर पांडेय
बिजनौर। रिश्तेदार की शादी में जाने को लेकर हुए विवाद की वजह से महिला ने फंदे पर लटककर जान दे दी। उसकी मौत से आहत पति ने भी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पति और पत्नी की आत्महत्या से पूरे परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया।
चांदपुर के गांव ककराला निवासी रोहित कुमार (26) पुत्र गंगाराम का पूरा परिवार बृहस्पतिवार को शादी में गया था। जबकि रोहित, उसकी पत्नी पार्वती (25), डेढ़ साल की बेटी घर पर थे। शादी में जाने के लिए पार्वती तैयार हो चुकी थी। मगर रोहित उसे शादी में लेकर नहीं गया। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद रोहित घर से कहीं चला गया। इसी बीच उसकी पत्नी पार्वती दुपट्टे से फंदे पर लटक गई।
कुछ देर के बाद रोहित घर लौटा तो उसकी पत्नी फंदे पर लटकी हुई थी। शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। पार्वती को फंदे से नीचे उतारा और चिकित्सक के पास ले गए। मगर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद रोहित भी घर से निकल गया। घर से करीब दो किलोमीटर दूर रेल ट्रैक पर पहुंचा और उधर से गुजर रही दिल्ली-कोटद्वार एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इस घटना के बाद गजरौला से चलकर नजीबाबाद जाने से वाली पैसेंजर ट्रेन घटनास्थल पर पहुंची तो सामने शव पड़ा देख रुक गई। इसी बीच रोहित को तलाश करते हुए उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
