रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश में 24 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। उपजिलाधिकारी रवि कुमार ने गुरुवार को तहसील सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। परीक्षा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
सीसीटीवी कैमरे लगाए
स्ट्रांग रूम में डबल लॉक वाली अलमारी में प्रश्नपत्र रखे जाएंगे। इसे परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले खोला जाएगा और परीक्षा समाप्ति के एक घंटे बाद सील किया जाएगा। स्ट्रॉन्ग रूम में वॉयस रिकॉर्डर और नाइट विजन युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कमरे की चाबी स्टैटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में रहेगी। कमरे को खोलने और बंद करने का विवरण लॉग बुक में दर्ज किया जाएगा। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय व्यवस्था की गई है। स्ट्रांग रूम की अलमारी केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में ही खोली जाएगी।
इसकी फोटो डीआईओएस को भेजी जाएगी। परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र पहुंचने से तीन दिन पहले ही स्ट्रॉन्ग रूम तैयार किया जाएगा। स्ट्रॉन्ग रूम में मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रश्नपत्र लीक रोकने के लिए जिलाधिकारी द्वारा गठित टीम 24 घंटे निगरानी करेगी।
