रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के नगरा ब्लॉक स्थित कमरौली गांव में समाजवादी पार्टी ने पीडीए जन चौपाल का आयोजन किया। कार्यक्रम में सपा प्रदेश सचिव अनुराग गर्ग ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बाबा साहब आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को नष्ट करने की कोशिश कर रही है। बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से दलित, शोषित, कमजोर और अल्पसंख्यक वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर दिया। संविधान की वजह से ही ईडब्लूएस के तहत सवर्ण समाज के गरीब परिवारों को भी 10 फीसदी आरक्षण मिल रहा है। प्रदेश सचिव ने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहब की जन कल्याणकारी नीतियों से नाराज है। सरकार युवाओं को नौकरी नहीं दे रही है क्योंकि उसे आरक्षण देना पड़ेगा। सरकार बार-बार आवेदन कराकर युवाओं का शोषण कर रही है। पीडीए के अधिकारों को कमजोर करने के लिए सरकारी संस्थाओं का निजीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने महंगाई पर भी सरकार को घेरा। कहा कि सरकार महंगाई से जनता को राहत देने के बजाय सिर्फ 5 किलो राशन देकर मुद्दे से भटका रही है। कार्यक्रम में राजन कन्नौजिया, देवानंद गौतम, जनार्दन यादव, सज्जन पासवान, बृजेश यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
