छात्रों ने स्वच्छता और सामाजिक समानता का लिया संकल्प
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। रानीपुर स्थित जनता पीजी कॉलेज में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का आयोजन शुरू हुआ। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शकिल अहमद ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शकिल अहमद के नेतृत्व में छात्रों ने रानीपुर भोईलीपुर गांव में सफाई अभियान चलाया। शिविर में लौटने के बाद छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता की शपथ ली और समाज में सभी को समान मानने का संकल्प लिया। प्राचार्य डॉ. शकिल अहमद ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे हमेशा अच्छाई का साथ दें और बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने विद्यार्थियों से कॉलेज का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. सौरभ सिंह (राजनीतिक विज्ञान के प्राध्यापक), कॉलेज स्टाफ और स्वयंसेवक-सेविकाएं उपस्थित रहे।
