4 साल से नहीं मिला विद्युतीकरण और आवास का लाभ, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के मधुबन तहसील में कटान पीड़ितों ने एक बार फिर प्रदर्शन किया। दुबारी ग्राम पंचायत के बिंद पुरवा में पीड़ितों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
धर्मपुर विशुनपुर के बिंटोलिया के कटान पीड़ितों को प्रशासन ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में बसाया था। चार वर्षों से उन्हें विद्युतीकरण, आवास और आवंटित जमीन का प्रमाण पत्र नहीं मिला है। इसके विरोध में पीड़ितों ने गांव में तीन बार और तहसील में एक बार प्रदर्शन किया। पिछले 11 मार्च को हुए प्रदर्शन के बाद तत्कालीन एसडीएम अवधेश चौहान ने गांव का दौरा किया। उन्होंने 500 मीटर दूर से केबल द्वारा बिजली की व्यवस्था करवाई। एक माह में आवास और जमीन के प्रमाण पत्र देने का आश्वासन दिया। लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। प्रदर्शन में रामजीत बिंद, रामजी प्रसाद, लल्लन प्रसाद, भोला बाल्केशिया, सुभावती, प्रभावती देवी समेत कई लोग शामिल थे। पीड़ितों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे तहसील से लेकर जिला स्तर तक धरना-प्रदर्शन करेंगे।
