रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के रेवती थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गायघाट गांव में सात वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रिन्स शर्मा के पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। अमन ज्ञान्ती देवी बालिका इंटर कॉलेज में पहली कक्षा का छात्र था।
बुधवार को वह स्कूल से घर लौटा। शाम चार बजे वह घर से बाहर गया और फिर लौटकर नहीं आया। परिजनों ने उसे हर संभव जगह खोजने का प्रयास किया। गुरुवार को स्थानीय लोगों ने गायघाट दहताल के पास स्थित एक पानी भरे गड्ढे में बच्चे का शव देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसआई अवनीश त्रिपाठी ने शव को कब्जे में लिया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया गया। मृतक के परिवार में तीन वर्षीय बहन अनुष्का है। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां दुर्गावती देवी की हालत बेहद खराब है।