रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के रेवती बाजार में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को रोकना एक होमगार्ड जवान को भारी पड़ गया। वन-वे पर गलत दिशा से आ रही बोलेरो को रोकने पर वाहन के सवारों ने होमगार्ड की पिटाई कर दी।
डुमरिया गांव निवासी होमगार्ड जवान रामायण वर्मा (45) की ड्यूटी गांधी घाट स्थित तीन मुहानी पर लगी थी। यहां जाम से बचने के लिए वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू है।
रामायण वर्मा ने बताया कि उन्होंने विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो को पीछे करने को कहा। इस बात को लेकर बोलेरो सवार मिठू यादव और राजीव रंजन से विवाद हो गया। दोनों आरोपियों ने होमगार्ड की लाठी छीन ली और उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपित बोलेरो लेकर फरार हो गए।
पीड़ित होमगार्ड की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।