घटना से पहले फोन पर इस व्यक्ति से की थी जोर-जोर आवाज में बात
मुरली मनोहर पांडेय
जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के रानी लक्ष्मी बाई महिला छात्रावास में बायोटेक की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने किसी भी संभावित बवाल की आशंका को देखते हुए परिसर को बंद कर दिया। मृतका की पहचान शिवांगी (22) के रूप में हुई, जो जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र के कोतवालपुर गांव की निवासी थी। उसकी शादी इसी साल 25 नवंबर को होने वाली थी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे शिवांगी अपने मंगेतर से फोन पर बात कर रही थी। छात्रावास में रहने वाली सहपाठियों ने बताया कि वह जोर-जोर से बात कर रही थी। कुछ देर बाद जब शोर थमा तो सहपाठियों ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खटखटाने पर भी प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने वार्डन को सूचित किया। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक कौस्तुभ ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो शिवांगी पंखे से दुपट्टे के फंदे पर लटकी मिली। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ किया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संकेत मिले हैं कि शिवांगी अपनी शादी को लेकर तनाव में थी। माना जा रहा है कि मंगेतर से किसी विवाद के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
घटना के बाद विश्वविद्यालय में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
