रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। बलिया में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रांगण में संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया गया। रैली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सत्यनारायण पटेल मुख्य अतिथि थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उमाशंकर पाठक ने की। विशिष्ट अतिथियों में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष केशवचंद्र यादव, महासचिव अवधेश सिंह, बलिया के कोऑर्डिनेटर जितेंद्र नाथ पांडे और मऊ के कोऑर्डिनेटर इंतखाब आलम शामिल थे। सत्यनारायण पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार संविधान को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला हो रहा है। अल्पसंख्यक समुदाय खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। सांसद राहुल गांधी की बातों को जानबूझकर अनदेखा किया जाता है। केशवचंद्र यादव ने मोदी-शाह सरकार पर देश के स्वाभिमान को गिरवी रखने का आरोप लगाया। जितेंद्र पांडे ने कहा कि मोदी सरकार गरीब, किसान और मजदूरों के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर कर रही है। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी, शशिकांत त्रिपाठी, सत्य प्रकाश, मुन्ना उपाध्याय समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र चौधरी ने किया।
