रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के रतनपुरा में सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। बलिया के भीमपुरा थाना क्षेत्र के बरौली निवासी 23 वर्षीय शशि प्रकाश की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। घटना रविवार की देर शाम की है।
शादी में शामिल होने के बाद शशि प्रकाश अपने ससुराल हलधरपुर थाना क्षेत्र के तरवाड़ीह गांव से अपाचे बाइक से वापस लौट रहे थे। तरवाड़ीह चट्टी और भीमाहर बाजार के बीच रतनपुरा-भीमपुरा मार्ग पर शिव मंदिर के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना उनके ससुराल वालों को दी। घायल शशि प्रकाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोगापुर रतनपुरा ले जाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हलधरपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पत्नी पूजा उस समय अपने मायके में थी। पति की मौत की खबर सुनते ही वह बेहाल हो गई। सूचना पाकर बरौली से शशि प्रकाश के परिजन भी मौके पर पहुंचे। घटना से ससुराल तरवाड़ीह और पैतृक गांव बरौली में शोक की लहर है।
