रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ पुलिस ने गोरखपुर हाइवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दूध के टैंकर में अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक इलामारन जी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसओजी और थाना घोसी पुलिस टीम को 12 जून को मुखबिर से सूचना मिली। हड़हुआ यात्री प्रतीक्षालय के पास एक टैंकर (नंबर BR01GE6718) को रोका गया टैंकर से 173 पेटी में कुल 8,304 पाउच अवैध शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाउच 180 मिली लीटर का था, जिसकी कुल मात्रा करीब 1,494 लीटर है। पुलिस ने बिहार के बक्सर जिले के रंजीत कुमार पांडेय और सरोज चौहान को शाम 5:05 बजे गिरफ्तार किया।
थाना घोसी में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें पटना के कल्लू राय का नाम भी शामिल है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। बरामद शराब की कीमत लगभग 10 लाख रुपए आंकी गई है।
