रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ न्यायालय ने सुभासपा के सदर विधायक अब्बास अंसारी को हेट स्पीच मामले में दो साल की सजा सुनाई है। यह मामला 2022 के विधानसभा चुनाव का है। अब्बास अंसारी ने चुनाव के दौरान मंच से अधिकारियों को धमकी दी थी। इस पर तत्कालीन कोतवाल गंगाराम बंद ने अब्बास समेत तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया था।
इस फैसले पर बीजेपी नेता और पूर्व प्रत्याशी अशोक सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अपराधी या तो जेल में रहेंगे या फिर उनका राम से मिलाप होगा। उन्होंने अधिकारियों का धन्यवाद किया। अधिकारियों ने हेट स्पीच मामले में एफआईआर दर्ज कर मजबूत पैरवी की थी।
अशोक सिंह ने सपा, बसपा और कांग्रेस की पूर्व सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले इन सरकारों में सीबीआई तक अपराधियों से डरती थी। लेकिन अब ऐसे लोग प्रदेश छोड़कर भाग रहे हैं।
आपको बता दें कि विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने अशोक सिंह को चुनावी मैदान में उतारा था तो वहीं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने अब्बास अंसारी को उम्मीदवार बनाया था। जहां अब्बास अंसारी को जीत हासिल हुई थी।
