रिपोर्ट : विद्यानंद
देवरिया। देवरिया जनपद की कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। न्यायालय परिसर से पुलिस अभिरक्षा में फरार ₹25 हजार के इनामी अपराधी शिवा बांसफोड़ को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। यह मुठभेड़ 12/13 जून की रात महुआडीह रोड पर परसिया मल्ल गांव के पास हुई। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के नेतृत्व में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) अरविंद कुमार वर्मा और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस को यह कामयाबी मिली। पुलिस के अनुसार, शिवा बांसफोड़ पुत्र राजेंद्र बांसफोड़, निवासी वार्ड नं. 21, गांधीनगर, थाना हाटा, जनपद कुशीनगर, थाना महुआडीह में दर्ज मुकदमा संख्या 78/2025, धारा 64/84/137(2) बीएनएस व 3/4 पॉक्सो एक्ट में आरोपित है।
5 जून 2025 को उसे जिला कारागार देवरिया से पॉक्सो न्यायालय में सैंपलिंग के लिए लाया गया था, लेकिन पेशी के बाद लॉकअप ले जाते समय वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा संख्या 602/2025, धारा 262 बीएनएस दर्ज किया गया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए ₹25,000 का इनाम घोषित हुआ था।
गुप्त सूचना के आधार पर कोतवाली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ महुआडीह रोड पर चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर की निशानदेही पर एक संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शिवा के बाएं पैर के घुटने के ऊपर गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
घायल अवस्था में शिवा को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हथियार बरामद किया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इस ऑपरेशन से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।
