मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। माध्यमिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित परीक्षा वर्ष 2025 में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण मेधावी विद्यार्थियों एवं 68वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में पदक विजेताओं का सम्मान समारोह मा. विधायक मधुबन श्री राम विलास चौहान की गरिमामयी में उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुआ। सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश स्तर पर लखनऊ में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा प्रदेश के छात्र-छात्राएं जिन्होंने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त किया हैं उनको चेक, टैबलेट, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया। माननीय मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिले स्तर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। लाइव कार्यक्रम को मा. विधायक मधुबन श्री रामविलास चौहान, जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र द्वारा देखा गया। जिले स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान माननीय विधायक मधुबन एवं जिलाधिकारी द्वारा जनपद के हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट के 12-12 मेधावी छात्रों को ₹21000 का चेक, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र एवं मेंडल दिया गया। इस दौरान उन्होंने 68वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में पदक विजेताओं को भी ₹15000 का चेक, प्रशस्ति पत्र, एवं मेंडल दिया गया। इस दौरान माननीय विधायक मधुबन में समस्त छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा दी जा रही है जो आपके उज्जवल भविष्य में आगे बढ़ाने हेतु लाभदायक बनेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है एवं प्रदेश के सभी छात्र-छात्राओं को उनके जीवन में आगे बढ़ाने के लिए कई सारी योजनाएं भी चला रही है। इसके अलावा माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा तरह-तरह के कार्यक्रम करा कर छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है। माननीय विधायक ने कहा कि जिंदगी में आप मेहनत करेंगे तो जिस मंजिल पर जाना चाहते हैं वहां अवश्य पहुंच सकते हैं। इस दौरान उन्होंने वहां पर उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, अध्यापकों एवं अभिभावकों को बधाई दी।
इस दौरान जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र, सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं मेधावी छात्र-छात्राएं तथा अभिभावक उपस्थित रहे।
