रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
उत्तर प्रदेश के मदनपुर के गायघाट क्षेत्र की राप्ती नदी में बुधवार को एक महिला का शव मिला। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला। मृतका की पहचान नकईल गांव की रहने वाली मीना देवी (40) के रूप में हुई। वह राजकुमार की पत्नी थीं।
परिजनों ने बताया कि मीना देवी मंगलवार शाम साढ़े सात बजे बंधे की तरफ टहलने गई थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगली सुबह फिर से तलाश शुरू की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मीना देवी रोजाना योगी बाबा स्थान के पास नदी की ओर टहलने जाती थीं। उनकी मौत की खबर सुनकर उनके बच्चे नीरज, धीरज, पूजा, लक्ष्मी और प्रियंजना का रो-रो कर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
