रिपोर्ट : रंजना तिवारी
देवरिया। जिले के भाटपार रानी तहसील क्षेत्र के बनकटा विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा प्रताप छापर के पूर्व ग्राम प्रधान जड़ी सिंह की हत्या के मामले में ग्रामीणों ने एक बार फिर न्याय की गुहार लगाई है। करीब आठ माह पूर्व दीपावली की रात सोहनपुर गांव में एक कथित जुआघर में जड़ी सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस पर सवाल उठाए हैं।
ग्राम सभा प्रताप छापर के वर्तमान प्रधान व मृतक जड़ी सिंह के भाई एम सिंह, उनके पिता ध्रुव जी सिंह, अपना दल नेता ब्रह्मा सिंह, भाजपा नेता अवधेश सिंह पटेल, प्रभाकर मिश्र, चंद्र बोस मिश्र, रविकांत मिश्र, वशिष्ठ सिंह, उमेश सिंह सहित लगभग दो दर्जन ग्रामीणों ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन से हत्याकांड के वास्तविक कारणों का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को मजबूत साक्ष्य संकलन कर मुख्य कर्ताधर्ताओं तक पहुंचना चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
वहीं, नवागत थाना प्रभारी नवीन चौधरी ने बताया कि यह मामला पुराना है, लेकिन जांच में तेजी लाई जा रही है। उनके अनुसार, इस हत्याकांड में पांच और लोगों के नाम जोड़े गए हैं, जिनके खिलाफ जांच चल रही है। साक्ष्य संकलन के आधार पर आवश्यक और विधिक कार्रवाई जल्द पूरी की जाएगी।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के इतने महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई सुस्त रही है, जिससे दोषियों के हौसले बुलंद हैं। इस मामले में अब पुलिस की सक्रियता और जांच की प्रगति पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
