रिपोर्ट : रंजना तिवारी
सलेमपुर (देवरिया): गुरुवार को कोतवाली क्षेत्र के चेरो टोला भेड़िया गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस हिंसक संघर्ष में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें तीन को सिर में गंभीर चोटें आईं और एक युवती का हाथ फ्रैक्चर हो गया। घायलों का प्राथमिक उपचार सलेमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते कुछ को जिला अस्पताल देवरिया रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बीरबल यादव ने कुछ समय पहले आराजी संख्या 356/0.134 का एक चौथाई हिस्सा बैनामा के जरिए खरीदा था। लेकिन, दूसरे पक्ष ने इसे पुश्तैनी जमीन बताकर कब्जा कर लिया। इस विवाद को सुलझाने के लिए राजस्व विभाग ने कई बार समझौते की कोशिश की, लेकिन कोई हल नहीं निकला। घटना से ठीक एक घंटे पहले पुलिस ने जबरन कब्जे के आरोप में एक पक्ष के सदस्य को हिरासत में लेकर शांति भंग की धारा में चालान किया था। इसके बाद गांव में मौजूद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए, जिससे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
घायलों में एक पक्ष से बीरबल यादव और मंटू उर्फ आशुतोष यादव (दोनों पुत्र बंका यादव) तथा दूसरे पक्ष से रामपत यादव और द्रौपदी यादव (पुत्री बनारसी यादव) शामिल हैं। पुलिस की मौजूदगी में सभी घायलों का सलेमपुर सीएचसी में इलाज कराया गया। कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
