रिपोर्ट : रंजना तिवारी
देवरिया। भाटपार रानी तहसील के बनकटा विकास खंड क्षेत्र में शुक्रवार, 13 जून 2025 को स्थानीय बनकटा पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक श्री आलोक रंजन सिंह के नेतृत्व में बनकटा थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई की गई। इस दौरान रोहित कुमार बैठा (उम्र 22 वर्ष), पुत्र लालमन बैठा, निवासी करजनिया, थाना मैरवा, जिला सिवान (बिहार) को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 69 शीशी इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 180 मिलीलीटर), 24 केन किंग फिशर बियर (प्रत्येक 500 मिलीलीटर), 24 पाउच ऑफिसर च्वाइस अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) और एक होण्डा साइन मोटरसाइकिल (नंबर BR29BC3262) बरामद हुई।
बरामदगी के आधार पर बनकटा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 78/25, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक श्री सुनील कुमार पटेल को सौंपी गई है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक, देवरिया के निर्देश पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। स्थानीय पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शराब तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाइयां निरंतर जारी रहेंगी।