रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के तिलिस्वां गांव में बुधवार को एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। घटना पिता की तेरही के दौरान हुई। घायल युवक की पहचान आकाश (24) के रूप में हुई है।
घायल के भाई शुभम गौड़ के अनुसार, उनका पूरा परिवार गुजरात में रहता है। पिता की मृत्यु के बाद तेरही के लिए वे अपने पैतृक घर आए थे। दो दिन पहले रात करीब 1 बजे एक स्थानीय युवक उनके घर में घुस आया। जब उससे कारण पूछा गया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। हालांकि, दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।
बुधवार सुबह आरोपियों ने समझौते के बहाने आकाश को घर बुलाया। वहां तीन लोगों ने मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने मुख्यालय रेफर किया। बाद में उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया।
