रिपोर्ट : रामदुलारी पटेल
हरख बाराबंकी। विकास खंड के ग्राम पंचायत हरख स्थित नव युग इंटर कॉलेज में राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारतीय जनसंघ के संस्थापक और "एक देश, एक संविधान" के प्रबल समर्थक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस की स्मृति में किया गया। कार्यक्रम का नाम "एक पेड़, अपनी मां के नाम" रखा गया। इस अवसर पर नीम, पाकड़, कदम जैसे उपयोगी वृक्षों का रोपण किया गया, जिससे पर्यावरण को संजीवनी देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप सिंह मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है, ताकि हम भविष्य में ऑक्सीजन की कमी जैसी समस्याओं से बच सकें। हरा-भरा और स्वच्छ पर्यावरण ही मानव जीवन की सुरक्षा की कुंजी है।” उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदीप सिंह (वन क्षेत्राधिकारी), अनिल कांत गुप्ता (डिप्टी रेंजर), सचिन सिंह पटेल (वन दरोगा), विपिन कुमार यादव (वन दरोगा), श्रीमती सीमा गौड़ (वन रक्षक), संजय यादव (माली) तथा अन्य अधिकारीगण और पार्टी पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही कॉलेज के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और ग्राम प्रधान की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह आयोजन राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण प्रेम का एक प्रेरणादायक संगम रहा, जिसने यह सिद्ध कर दिया कि जब देशभक्ति और प्रकृति संरक्षण साथ चलते हैं, तो एक सुरक्षित, स्वच्छ और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण सुनिश्चित होता है।
