रिपोर्ट : बीके सिंह
देवकली खीरी– ग्राम सैदपुर भाऊ निवासी शिवदत्त, पुत्र तेजी, ने बैंक ऑफ इंडिया की देवकली शाखा के प्रबंधकों पर गंभीर रिश्वतखोरी के आरोप लगाए हैं और न्याय की गुहार लगाते हुए क्षेत्रीय अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी है।
पीड़ित का कहना है कि उसने किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत देवकली शाखा से लोन लिया था। मार्च माह में छूट योजना के दौरान तत्कालीन शाखा प्रबंधक अतुल मिश्रा ने बताया था कि यदि वह तय समय में पूरा पैसा जमा कर देगा, तो उसे ब्याज में छूट मिलेगी और लोन समाप्त मान लिया जाएगा। इस पर विश्वास कर शिवदत्त ने अपनी जमीन गिरवी रख ₹73,500 बैंक में जमा कर दिए।
लेकिन भुगतान के बाद जब उसने एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के लिए बैंक में संपर्क किया, तो उसे लगातार टालमटोल कर घुमाया गया। इसी दौरान मैनेजर अतुल मिश्रा का ट्रांसफर हो गया और नए प्रबंधक की नियुक्ति हो गई।
शिवदत्त का आरोप है कि चार महीने तक लगातार बैंक के चक्कर लगाने के बावजूद उसे एनओसी नहीं दी गई, बल्कि नए बैंक मैनेजर ने इसके बदले ₹10,000 की रिश्वत मांग ली।
मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालने वाला शिवदत्त अब थक हारकर बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय अधिकारी के पास पहुंचा और वहां लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित ने जल्द से जल्द एनओसी दिए जाने और दोषी बैंक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
