रिपोर्ट : रंजना तिवारी
देवरिया। ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रांत वीर ने रविवार को भाटपार रानी कस्बे के मदन मोहन मालवीय पीजी कॉलेज परिसर में *मुखा देवी वाटिका* का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने *प्रज्ञा प्रवाह* वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी किया।
मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में एसपी विक्रांत वीर ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण पृथ्वी का तापमान बढ़ रहा है, जिससे ग्लेशियर पिघल रहे हैं और समुद्र तटीय शहरों पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने विलासिता युक्त यंत्रों के अत्यधिक उपयोग को तापमान वृद्धि का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण की शपथ दिलाई और औषधीय गुणों वाले पौधों के रोपण पर जोर दिया।
संस्थान के प्रबंधक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राघवेंद्र वीर विक्रम सिंह ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण मौसम चक्र बिगड़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत में गर्म हवाओं और लू की तीव्रता बढ़ी है, जो जानलेवा साबित हो रही है। इस वाटिका को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक कदम बताते हुए उन्होंने इसे सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बताया।
संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ. पवन कुमार राय ने पर्यावरणीय चुनौतियों और उनके निदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मौसम की मार से सभी परेशान हैं और पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। प्राचार्य प्रो. सतीश चंद्र गौड़ ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रबंधक ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
एसपी ने कॉलेज परिसर में *तक्षशिला ग्रन्थागार* के सामने मुखा देवी वाटिका का उद्घाटन किया। उन्होंने *डॉ. राजबली पाण्डेय पुरातत्व एवं कला संग्रहालय*, *तक्षशिला ई-लाइब्रेरी*, *रोजगार पटल*, *समाचार पटल*, और *तक्षशिला हॉल* का भ्रमण भी किया, जिस दौरान वे संस्थान की सुविधाओं से प्रभावित दिखे। संस्थान के संरक्षक कामेश्वर सिंह ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में भाजपा नेत्री अनीता सिंह, वरिष्ठ नेता मानवीर सिंह, भाटपार रानी मंडल अध्यक्ष विशंभर पांडेय, रघुराज सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य छत्रसाल सिंह, उत्कर्ष नारायण राय, पूर्व प्रधानाचार्य मुस्ताक अहमद, डॉ. केके मिश्रा, शिवप्रसाद, पुस्तकालयाध्यक्ष राजेशधर द्विवेदी, प्रवीण शाही सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
