रिपोर्ट : रंजना तिवारी
देवरिया। सलेमपुर मार्ग पर भरथुआ चौराहे के पास धोबी गांव के निकट मंगलवार देर शाम एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर जंप कर दूसरी पट्टी पर जा गिरी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और चालक को मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, खुखुंदू थाना क्षेत्र के धोबी गांव के पास देवरिया की ओर से आ रही बोलेरो (यूपी 52 एएक्स 1234) को चालक मनीष कुमार, निवासी पिपरा पुराण, भलूअनी थाना क्षेत्र, चला रहा था। इसी दौरान सामने से बच्चों सहित बुलेट पर सवार एक व्यक्ति अचानक गाड़ी मोड़ने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बोलेरो चालक ने वाहन को तेजी से मोड़ा, जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और दूसरी पट्टी पर जाकर पलट गई। वाहन सड़क के किनारे नीचे जाकर रुक गया।
हादसे में बोलेरो के कई हिस्से टूट गए, वहीं चालक मनीष कुमार को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को वाहन से बाहर निकाला और बोलेरो को सीधा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि बड़ा नुकसान हो सकता था, लेकिन संयोगवश सभी सुरक्षित रहे।
