रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की और सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में भी घंटों बिजली कटौती की जा रही है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 10 से 12 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। इससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। बिजली कटौती से घरों में पानी की सप्लाई बाधित हो रही है। व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। सिंह ने कहा कि प्राइवेट कंपनियों की मनमानी पर सरकार का रवैया उदासीन है।
उन्होंने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ सरकार बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दे रही है। आम आदमी पार्टी ने राज्यपाल से बिजली कटौती की समस्या का समाधान करने की मांग की है।

