रिपोर्ट: प्रिंस प्रजापति
बलिया। बलिया में प्रांतीय चिकित्सा संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. संतोष चौधरी ने मंगलवार को बांसडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। उन्होंने एक चिकित्सक की जेल कस्टडी में हुई मौत की जांच की मांग की है।
डॉ. चौधरी ने डॉ. वेंकटेश मौआर की मौत को पूर्व नियोजित साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि न्यायिक हिरासत में हुई मौत संदिग्ध है। जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की जाएगी।
प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। दोषियों के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी नहीं होने पर इमरजेंसी और पोस्टमॉर्टम को छोड़कर सभी चिकित्सकीय सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। डॉ. चौधरी ने स्वास्थ्य कर्मियों को संघ का समर्थन देते हुए निर्भीक होकर काम करने की अपील की।
मृतक डॉक्टर की पत्नी प्रियंका मौआर ने मानवाधिकार आयोग और डीजीपी समेत उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
यह घटना जिले के चिकित्सक समुदाय में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही है। संघ ने चेतावनी दी है कि उचित कार्रवाई न होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

