रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ के मधुबन में बुधवार दोपहर एक स्कूली बस और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में सवार कई बच्चों को आंशिक चोटें आईं। घटना मधुबन के दरगाह-अमिला मार्ग पर चकविलायत मोड के पास दोपहर करीब 2.15 बजे हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दर्जनों लोग स्कूली बच्चों की मदद के लिए पहुंचे। सौभाग्य से किसी भी छात्र को गंभीर चोटें नहीं आईं। हालांकि इस घटना से बच्चों में दहशत का माहौल बन गया। हादसे में बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ट्रेलर के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा। जानकारी के अनुसार मधुबन के एक निजी विद्यालय की बस छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। बस में 25-30 बच्चे सवार थे। चक विलायत मोड के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद विद्यालय स्टाफ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अन्य वाहनों से बच्चों को उनके घर भेजवाया। गंभीर रूप से घायल बस चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
