रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
फतेहपुर मंडाव के ग्राम सभा दुबारी में पेयजल की समस्या गंभीर बनी हुई है। दुबारी चौक पर मूस कनौजिया के घर के पास लगा इंडिया मार्का हैंडपंप पिछले 5 वर्षों से खराब पड़ा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार ने हैंडपंप की मरम्मत और रिबोर के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए हैं। लेकिन यह सब कागजी कार्रवाई तक ही सीमित है। हैंडपंप की वास्तविक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
स्थानीय निवासी नुरू, सिंटू, सुनील, पप्पू और डबलू सहित कई ग्रामीणों ने हैंडपंप की मरम्मत की मांग की है। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान की उदासीन कार्यशैली के कारण सरकारी हैंडपंप महज शो-पीस बनकर रह गया है। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पानी की बुनियादी सुविधा से वंचित होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
