रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सुरज कापुरवा (सुरौंधा) गांव में 5 वर्षीय शिवम पाल की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना शाम करीब 6 बजे की है। शिवम अपने घर के सामने दीया हाथ में लेकर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह नाले में गिर गया।
काफी देर तक बच्चा दिखाई नहीं देने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। नाले के पास पड़े खाली दीये को देखकर परिवार वालों को शिवम के नाले में गिरने का अंदेशा हुआ। परिवार वालों ने नाले में छलांग लगाकर शिवम को ढूंढा और उसका शव बरामद किया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता का नाम सानंद पाल है। परिवार का कहना है कि उन्हें किसी अपराध की आशंका नहीं है। यह एक दुर्घटना थी, जिसमें नाले में डूबने से बच्चे की मौत हुई। घटना की सूचना मिलते ही मऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
